फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: मानव तस्करी की शिकायत पर सीमांचल एक्सप्रेस से उतारे गए 93 बच्चे

विज्ञापन
विज्ञापन
बिहार के जोगबनी से आनंद विहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस से बृहस्पतिवार को 93 बच्चे प्रयागराज जंक्शन पर उतारे गए। रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि इन बच्चों की तस्करी की जा रही है। अवैध तरीके से देहरादून, जयपुर, दिल्ली आदि शहरों की ओर ले जाया जा रहा था। इन बच्चों के साथ नौ अन्य लोगों को भी यहां उतारा गया। बाद में बच्चे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सौंप दिए गए।
विज्ञापन

सीमांचल एक्सप्रेस में इन बच्चों को बिहार के अररिया स्टेशन से चढ़ाया गया था। यह बच्चे पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज आदि जिलों के हैं। इन बच्चों के पास जनरल टिकट मिले। ट्रेन में अलग-अलग छह ग्रुप में यह बच्चे स्लीपर कोच एस-6, एस-7 एवं एस-8 में यात्रा कर रहे थे। इन बच्चों की उम्र नौ से 16 वर्ष की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ प्रयागराज ने अपने एक दरोगा नितिन कुमार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन स्टेशन भेजा। वहां ट्रेन पहुंची तो इसकी पुष्टि हो गई। वहां देखा कि बच्चे संबंधित ट्रेन के कोच में बाथरूम से गैलरी तक में बैठे थे। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज के प्रभारी शिव कुमार सिंह ने तीन टीमें बनाई।
जंक्शन पर ट्रेन आगमन के पूर्व ही प्लेटफार्म नंबर दो पर आरपीएफ की महिला विंग, डिटेक्टिव विंग के चाइल्ड हेल्प लाइन के स्टाफ तैनात हो गए। इस दौरान तीन कोच से 93 बच्चे और नौ एजेंटों को उतारा गया। इन बच्चों को ले जाने के लिए एजेंटों के पास वैध प्रमाण पत्र नहीं था। एजेंटों का कहना है कि वह बच्चों को मदरसे में पढ़ाई के लिए ले जा रहे थे।
विज्ञापन


आनंद विहार से राजस्थान, उत्तराखंड ले जाने की थी तैयारी
0 आरपीएफ ने जिन 93 बच्चों को यहां उतारा उन्हें दिल्ली के आनंद विहार ले जाया जा रहा था। वहां से उन्हें सड़क मार्ग द्वारा राजस्थान एवं उत्तराखंड ले जाने की तैयारी थी। जंक्शन पर इतनी संख्या में बच्चों को उतारे जाने की घटना खासी सुर्खियों में रही। आशंका है कि इन बच्चों की तस्करी की जा रही थी। फिलहाल आरपीएफ ने बच्चे बाल कल्याण समिति को सौंप दिए हैं जो बच्चों से पूछताछ कर रही है। साथ ही बच्चों की काउंसलिंग भी की जा रही है। बाल कल्याण समिति द्वारा शुक्रवार को बैठक कर आगे की कार्रवाई के बारे में निर्णय लिया जाएगा।


जोगबनी से आ रही सीमांचल एक्सप्रेस में मानव तस्करी की सूचना मिली थी। ट्रेन में छोटे बच्चों को अमानवीय ढंग से कोच में जहां-तहां बैठाकर जाया जा रहा था। सभी बच्चों को सकुशल प्रयागराज जंक्शन पर उतारा गया है।
विज्ञापन

विजय प्रकाश पंडित, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी, प्रयागराज मंडल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें