रेल रूट ब्लॉक होने से बसों में बढ़ गई भीड़
इलाहाबाद। औरैया जिले के अछल्दा में कैफियत एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से इलाहाबाद-दिल्ली रूट पर ट्रेनों का संचालन गड़बड़ा गया। इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ा। दिल्ली रूट की ट्रेनों के चक्के थम जाने के बाद बुधवार को रोडवेज की बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। कानपुर रूट की तरफ जाने वाली बसों में यात्रियों की भीड़ कुछ ज्यादा ही रही। बहुत सी बसों में यात्रियों को खड़े होकर भी सफर करना पड़ा। रोडवेज ने भीड़ को देखते हुए इस रूट पर चलने वाली बसों के फेरे भी बढ़ा दिए। क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. हरीशचंद्र यादव के मुताबिक कानपुर रूट पर छह अतिरिक्त बसें चलाई गईं। इसके अलावा आगरा, दिल्ली, अलीगढ़ जाने वाली बसें भी बुधवार को फुल गई।