जस्टिस अली जामिन ने हाईकोर्ट के अपर जज की ली शपथ
प्रयागराज। न्यायमूर्ति अली जामिन ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के अपर न्यायाधीश की शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर ने उनको पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह मुख्य न्यायाधीश के न्याय कक्ष में सुबह 10 बजे आयोजित किया गया। इस दौरान सभी न्यायमूर्तिगण, न्यायिक अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे। न्यायमूर्ति जामिन का जन्म जौनपुर के पुतरिया गांव में एक जनवरी 1961 को किसान परिवार में हुआ था। विधि स्नातक के बाद उन्होंने वकालत की और 11 दिसंबर 98 को उच्च न्यायिक सेवा के लिए चुने गए। 2009 में वह मऊ के जिला जज बने इसके बाद कई जिलों में जिला जज के पद का दायित्व निभाया। वर्तमान में वह व्यावसायिक अधिकरण कानपुर के पीठासीन अधिकारी के तौर पर कार्यरत थे। न्यायमूर्ति जामिन 31 दिसंबर 2022 तक न्यायाधीश पद पर रहेंगे।