इलाहाबाद(ब्यूरो)। डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे मंडल के सबसे बड़े अस्पताल एसआरएन में अब मरीजों को इलाज कराना और आसान होगा। मेडिकल कालेज प्रशासन ने अस्पताल में 57 सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति कर दी है। मंगलवार को कालेज प्राचार्य कार्यालय में साक्षात्कार किया गया जिसमें 57 डॉक्टरों का चयन किया गया। मेडिकल कालेज प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि सर्जरी में नौ, एनेस्थीशिया में नौ, मेडिसिन में सात, आर्थोपेडिक्स में पांच, डेंटल में पांच, रेडियोलॉजी में चार, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में चार व बालरोग विभाग में चार सीनियर रेजीडेंट की नियुक्ति की गई है। इन डॉक्टरों की नियुक्तियां होने से जहां अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा सकेगा वहीं मरीजों के इलाज में भी सहूलियतें होगी।