जीएसटी पोर्टल ठप, मुश्किल हुआ रिटर्न दाखिल करना
इलाहाबाद। जीएसटी पोर्टल ठप होने से सोमवार को बड़ी संख्या में व्यापारी जीएसटीआर-1 में रिटर्न नहीं दाखिल कर सके। जीएसटी पोर्टल में समस्या दोपहर बाद से ही आने लगी थी। शाम करीब चार बजे के बाद पोर्टल पूरी तरह ठप हो गया, जो देर रात तक चालू नहीं हो सका। व्यापारियों के सामने समस्या यह है कि समय से रिटर्न न दाखिल करने पर उन्हें जुर्माना भी भरना होगा। व्यापारियों के मुताबिक पोर्टल पर जीएसटीआर-1 खोलने पर एरर लिखकर आ रहा है। जीएसटी की पूरी व्यवस्था केंद्रीयकृत होने के कारण स्थानीय अफसर भी कुछ करने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में इसका खामियाजा व्यापारियों को ही भुगतना पड़ेगा।