यूपी बोर्ड सचिव नीना ने संभाला कार्यभार
इलाहाबाद (ब्यूरो)। यूपी बोर्ड की नवनियुक्त सचिव नीना श्रीवास्तव ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। बोर्ड की 37वीं सचिव के रूप में उन्हें निवर्तमान सचिव शैल यादव ने कार्यभार सौंपा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं का समय से पंजीकरण, समय से परीक्षाएं पूरी कराने और परिणाम घोषित करने पर जोर होगा। कहा कि योग को नए पाठ्यक्रम में शामिल करने के बाद अब इस विषय के शिक्षकों के लिए निर्देश जारी किए जाएंगे। 1985 बैच की पीईएस अधिकारी नीना ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं पर पूरा जोर होगा। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव प्रमोद कुमार, डायट प्राचार्य राजेंद्र प्रताप, माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के उप सचिव नवलल किशोर, बोर्ड के उप सचिव अनिल कुमार, मायाराम मौजूद थे। दूसरी ओर नवनियुक्त अपर निदेशक (महिला) शैल यादव मंगलवार को शिक्षा निदेशालय में कार्यभार ग्रहण करेंगी।