दरोगा भर्ती में अमित को मंडल में पहला स्थान
प्रयागराज। जिले में रहकर सिविल परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अमित कुमार सिंह ने दरोगा भर्ती में मंडल में पहला व प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है। मूल रूप से कौशाम्बी के सरायअकिल के रहने वाले अमित शहर में मामा सुरेश सिंह के घर रहकर तैयारी कर रहे हैं। उनके पिता शिवशंकर सिंह जिला सहकारी बैंक बागपत में शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात हैं। अमित ने बताया कि दरोगा भर्ती में उन्होंने सेल्फ स्टडी से चयन पाया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों में हर्ष का माहौल है। अमित का कहना है कि उनका उद्देश्य सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर आईपीएस बनना है।