कैट के क्षेत्राधिकार में फिलहाल कटौती नहीं
0 दस दिनों से चल रही वकीलों की हड़ताल समाप्त
इलाहाबाद। केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण इलाहाबाद के क्षेत्राधिकार में फिलहाल कटौती नहीं होगी। क्षेत्राधिकार पर विचार करने के लिए एक नई कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें कैट बार के प्रतिनिधियों की भी भागीदारी होगी। फैसला सभी की राय से होगा। कैट बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को अधिकरण के चेयरमैन से इस आशय का आश्वासन मिला है। मंगलवार को दिल्ली में चेयरमैन से मिलकर लौटे प्रतिनिधिमंडल ने यह जानकारी दी है। चेयरमैन से आश्वासन मिलने के बाद कैट बार ने दस दिनों से चली आ रही हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। 22 नवंबर से अधिवक्ता काम पर लौट आएंगे। इससे पूर्व बार की आम सभा का आयोजन किया गया, जिसका संचालन जितेंद्र नायक ने किया। प्रतिनिधि मंडल में केपी सिंह, एनपी सिंह, एलपी तिवारी शामिल थे।