ट्रकों से अवैध वसूली पर रीता जोशी को दिया ज्ञापन
0 होली पर 21 एवं 22 मार्च को प्रयागराज में ही रहेंगी पर्यटन मंत्री
प्रयागराज। यमुनापार में ट्रकों से अवैध वसूली किए जाने के विरोध में जागृति मिशन का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को सूबे की पर्यटन मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी से मिला। यमुनापार जागृति मिशन के डा. भगवत पांडेय के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पूर्व में यमुना पुल के टोल प्लाजा पर जाम और वसूली की समस्या को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया गया था । इसके बाद कुंभ के दौरान टोल प्लाजा को हटाया गया। फिर भी नो एंट्री में ट्रकों का जाम से तांता लगा रहता है जो बंद होना चाहिए। आरोप लगाया कि यमुनापार में अवैध खनन की वसूली और गौहनिया मुगारी में नए टोल बूथ पर धन उगाही के साथ-साथ पुलिस द्वारा रात अंधेरे में ट्रकों से अवैध वसूली की जा रही है। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान कमल त्रिपाठी, हीरामणि, मदन यादव, सिराजुद्दीन, अशोक विश्वकर्मा, दिनेश सोनी, अतुल, संजय आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता दिनेश तिवारी ने बताया कि होली के अवसर पर डा. रीता जोशी प्रयागराज में ही 21 एवं 22 मार्च को रहेगी। इस दौरान पार्टी नेताओं एवं लोगों से वे मुलाकात करेंगी।