22 एवं 23 को बंद रहेगी मुंडेरा मंडी
प्रयागराज। मुंडेरा मंडी के आढ़तियों की मुसीबत कम होने की बजाय बढ़ती ही जा रही है। 12 मई को जिले में लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद ईवीएम रखने की वजह से जिला प्रशासन ने मंडी का आधे से ज्यादा हिस्सा पहले से ही सील कर रखा है। अब इसी कड़ी में मतगणना के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 22 एवं 23 मई को मंडी बंद रखने का फरमान जारी कर दिया है। मुंडेरा मंडी फल सब्जी व्यापार मंडल महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा के मुताबिक मतगणना की वजह से जिला प्रशासन ने दो दिन मंडी बंद रखने को कहा है। इस वजह से मंडी के सभी आढ़ती अपने यहां फल एवं सब्जी का स्टॉक 21 मई तक का ही मंगवाएं। 21 मई की देर शाम तक मंडी पूर्ण रूप से जिला प्रशासन के कब्जे में आ जाएगी। इस दौरान सभी व्यापारियों का 23 मई तक मंडी में प्रवेश बंद रहेगा।