आनंद विहार से कामाख्या जा रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में आरपीएफ ने बृहस्पतिवार को 190 कछुए बरामद किए। इस दौरान दो लोगों को भी आरपीएफ ने पकड़ा। बताया जा रहा है कि आरपीएफ प्रयागराज पोस्ट को सूचना मिली कि कामाख्या जा रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में बोरे में कछुओं को भरकर कहीं ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर आरपीएफ ने ट्रेन के प्रयागराज जंक्शन आगमन पर ट्रेन टॉयलेट के पास बैग और बोरियों में भरे कछुओं को बरामद किया। मौके से दो तस्कर भी पकड़े गए। दोनों ही फतेहपुर के रहने वाले हैं। उनसे देर रात तक पूछताछ की जाती रही। बताया जा रहा है कि बैग और बोरियों में 190 के आसपास कछुए बरामद किए गए हैं। उधर वन विभाग की ओर से इस मामले में आरपीएफ को तहरीर दी गई है।