सिविल लाइंस में कोर्ट में नौकरी लगवाने के नाम पर 19 हजार हड़पने का मामला सामने आया है। बाइक मैकेनिक का आरोप है कि नौकरी नहीं मिलने पर पैसे वापस मांगे गए तो गालीगलौज करते हुए धमकी भी दी गई। पुलिस जांच में जुटी है।
मनोज कनौजिया दरियाबाद थाना अतरसुइया का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि वह अनुसूचित जाति का गरीब व्यक्ति है। आरोप है कि उसे इंद्रजीत मिले, जिन्होंने बताया कि मैं तुम्हारे भाई दिलीप की कोर्ट में सरकारी नौकरी लगवा सकता हूं। इसके लिए 50 हजार की मांग की गई। उसकी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान नवाब यूसुफ रोड खरबंदा मार्केट के पास है।
आरोप है कि वहां पर उनके आते-जाते एवं मिलते-जुलते रहने के बाद यह विश्वास हो गया कि वह मेरे भाई की सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं। जिसके बाद कई किश्तों में उससे कुल 19 हजार रुपये ले लिए गए। बाद में न तो नौकरी लगवाई और न रुपये वापस किए। रुपये वापस मांगने पर गालीगलौज व जान से मारने की धमकी दी गई। सिविल लाइंस प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अमानत में ख्यानत, गालीगलौज व धमकी देने के आरोप में केस लिखा गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।