हाईकोर्ट बार चुनाव: मुख्य चुनाव अधिकारी ने दिया इस्तीफा
0 विरोध कर रहे वकीलों का अनशन समाप्त
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव के लिए नियुक्त किए गए मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता वीएम जैदी ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया है। हाईकोर्ट के वकीलों का एक गुट उनको चुनाव अधिकारी बनाए जाने का विरोध कर रहा था और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार से धरना दिया जा रहा था। विरोध कर रहे वकीलों द्वारा जारी सूचना के मुताबिक बार कौंसिल सदस्य आईके चतुर्वेदी से फोन पर वीएम जैदी के इस्तीफे की जानकारी मिलने के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। वीएम जैदी इससे पूर्व के चुनाव में भी मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्ति किए गए थे। वकीलों का एक गुट पिछले चुनाव में भी भेदभाव का आरोप लगाता रहा है। धरना प्रदर्शन करने वालों का नेतृत्व पूर्व कोषाध्यक्ष राजीव शुक्ला, रीतेश श्रीवास्तव, मनीष द्विवेदी, अशोक सिंह, अभिषेक चौहान, सुखवीर सिंह, केके यादव, मोहित सिंह, देवेेंद्र विक्रम सिंह, कुंवर राजन, संजय यादव आदि शामिल थे।