युवाओं को मतदाता बनने का मिलेगा मौका
0 मतदाता सूची में पंजीकरण के लिए 23 एवं 30 जुलाई को चलेगा विशेष अभियान
इलाहाबाद। जिले के युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का एक मौका और मिलने जा रहा है। 23 एवं 30 जुलाई दोनों रविवार को विशेष अभियान चलेंगे। इसके लिए जिले में मतदान केंद्र एवं मतदेय स्थल वाले सभी स्कूल एवं कॉलेज दोनों रविवार को खुले रहेंगे। इस संबंध में डीएम ने निर्देश जारी किया है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों में 18 से 21 वर्ष के युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान 2017 शुरू किया जा रहा है। इसके तहत इन युवाओं को मतदाता बनने का मौका मिलेगा। जिला प्रशासन ने यह विशेष अभियान आगामी दो रविवार को चलाने का निर्णय लिया है। डीएम संजय कुमार ने उच्च शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में स्कूल-कॉलेजों को आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा है। ब्यूरो