इलाहाबाद (ब्यूरो)। सैदाबाद के मुगरसन में बुखार से पीड़ित तीन लोगों की मौत हो जाने से हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार को वहां सरकारी डॉक्टरों की टीम पहुंची और बुखार से पीड़ित 16 ग्रामीणों को इलाज के लिए शहर ले आई। इसके अलावा 100 से अधिक ग्रामीणों को बुखार, उल्टी की शिकायत पर दवाओं का वितरण किया गया। सैदाबाद के मुगरसन गांव में दर्जनों ग्रामीण बुखार से पीड़ित हैं। इनमें से तीन की मौत हो गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया। हड़बड़ी में प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की जांच की गई। बुखार से पीड़ित 16 ग्रामीणों में डेंगू के लक्षण पाए गए। इसकी पुष्टि के लिए सभी 16 लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर ले आई है। सभी की जांच कराई जाएगी और अगर डेंगू की पुष्टि होती है तो एसआरएन अस्पताल में उनका इलाज किया जाएगा। गांव में बुखार से पीड़ित ग्रामीणों की संख्या दर्जनों में है लेकिन प्राथमिक जांच के दौरान बाकी ग्रामीणों में डेंगू के लक्षण नहीं मिले। उन्हें बुखार के साथ उल्टी-दस्त की भी शिकायत थी। सभी को मौके पर दवाएं बांटी गईं। इसके अलावा जहां पानी इकट्ठा था, वहां दवा का छिड़काव किया गया।