बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय लखनऊ ले जाने का होगा विरोध
0 शिक्षा निदेशालय मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ ने कहा अधिकारी और कुछ जन प्रतिनिधि अपनी सेवा के लिए कर रहे कुचक्र
प्रयागराज। शिक्षा निदेशालय मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश ने सचिव बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय के लखनऊ स्थानांतरण के प्रयास की निंदा की है। बुधवार को संघ की बैठक में अध्यक्ष रंगनाथ मिश्र ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय लखनऊ ले जाने के हर प्रयास का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी और जन प्रतिनिधि अपनी सुविधा के लिए शिक्षा निदेशालय की ऐतिहासिकता को नष्ट करने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक ओर प्रयागराज की महिमा बढ़ाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ अधिकारी अपनी सुविधा के लिए बेसिक शिक्षा परिषद को हटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा निदेशालय परिसर स्थित किसी कार्यालय को लखनऊ स्थानांतरण का विरोध सड़क पर उतर कर किया जाएगा। बैठक में मंत्री सुरेंद्र कुमार सिंह, उपाध्यक्ष राकेश कुमार, अजीत कुमार, संयुक्त मंत्री अवनीश कुमार सिंह, राजेंद्र कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल रहे।