बेसिक स्कूलों के शिक्षक नियमित जांचेंगे कॉपी
प्रयागराज। प्रदेश के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को अब विद्यार्थियों के लेखन कार्य का नियमित रूप से शुद्धिकरण करना होगा। शिक्षकों को तय समय से कोर्स पूरा करना होगा। इस संबंध में विद्यालय प्रबंध समिति को उत्तरदायी बनाया गया है। प्रदेश के शिक्षा निदेशक बेसिक सर्वेंद्र विक्रम सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि विद्यालय में बालक की नियमित उपस्थिति, सीखने की क्षमता तथा प्रगति आदि के बारे में शिक्षकों एवं माता-पिता के साथ बैठक करके बच्चों के बारे में जानकारी देंगे। विद्यालय के शिक्षकों की प्रवेश से जुड़े कार्य में प्रबंध समिति के साथ सहयोग करना होगा। स्कूल के शिक्षकों को बच्चों की योग्यता की परख करने के लिए उनसे जुड़े रिकार्ड सुरक्षित रखने होंगे। इस संबंध में बीएसए के माध्यम से बच्चों के बारे में जानकारी एकत्र करके निदेशक को 15 मई तक भेजना होगा।