धूमनगंज के कसारी-मसारी में माफिया अतीक अहमद के जेल में बंद गुर्गे खान सौलत हनीफ के नाम पर 15 लाख रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। वादी का आरोप है कि सौलत के गुर्गों ने जेसीबी चलवाकर उनकी बाउंड्रीवाल भी तोड़ दी। जान से मारने की धमकी भी दी है। धूमनगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच को नामजद किया है।
मो.नईम कसारी-मसारी के रहने वाले हैं। उनका कसारी-मसारी में ही एक प्लॉट है। उनका कहना है कि उनकी बाउंड्री को मेहंदी हसन, अब्बादी, अब्बादी का भाई, मो.हस्सान व शाहिद ने 29 मार्च को तोड़ दिया था। इसकी सूचना देने पर थाना प्रभारी ने राजस्व का प्रकरण होने के कारण राजस्व विभाग से जांच कराने की बात कही। तब तक के लिए काम रोक दिया गया। उसके प्रार्थना पत्र पर एसडीएम के आदेशित करने पर लेखपाल व राजस्व निरीक्षक ने 16 अप्रैल को स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की। इससे क्षुब्ध होकर आरोपियों व उनके दो साथियों ने बची हुई बाउंड्री को जेसीबी लगाकर तोड़वा दिया।
विरोध करने पर गालियां दीं व जान से मारने की धमकी दी। यह भी कहा कि जमीन बेचनी है तो 15 लाख रुपये दे दो नहीं तो जमीन भूल जाओ। यह प्लाॅटिंग खान शौलत हनीफ के लोगों ने की है। न मानने पर लात-घूंसों से पिटाई की गई। धूमनगंज प्रभारी वैभव सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।