कमिश्नर से रेलवे को मिला प्रयागराज नामकरण का प्रस्ताव
प्रयागराज। जिले का नाम प्रयागराज होने के बाद अब मंडलायुक्त आशीष गोयल ने उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन को इलाहाबाद जंक्शन का नाम प्रयागराज किए जाने का प्रस्ताव भेजा है। एनसीआर के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कमिश्नर से इसका प्रस्ताव मिला है। अब रेलवे बोर्ड को यह प्रस्ताव भेजा जाएगा। दरअसल बोर्ड को प्रस्ताव मिलने के बाद उसे गृहमंत्रालय भेजा जाएगा। इसके बाद ही प्रयागराज जंक्शन का नोटिफिकेशन जारी होगा। नोटिफिकेशन जारी होते ही इलाहाबाद जंक्शन का नाम प्रयागराज जंक्शन, इलाहाबाद सिटी का नाम प्रयागराज सिटी एवं इलाहाबाद छिवकी को प्रयागराज छिवकी के नाम से जाना जाएगा। साथ ही संबंधित स्टेशनों के कोड भी बदले जाएंगे।