उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में अमृत भारत स्टेशन के रूप में चुने गए 47 स्टेशनों पर इसी वर्ष 12 मीटर चौड़े पैदल यात्री पुल (एफओबी) का निर्माण होगा। कुछ स्टेशनों पर कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कुछ के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।रेलवे कुछ स्टेशनों पर एफओबी तैयार कर वहां कियोस्क भी लगाएगा, जिसे किराये पर दिया जाएगा।
रेलवे ने आने वाले 50 वर्ष की आवश्यकताओं को देखते हुए एनसीआर के 47 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशनों के रूप में विकसित कर रहा है। एक तरह से इन स्टेशनों को सिटी सेंटर के रूप में पुनर्विकसित किया जाएगा। एनसीआर के प्रयागराज मंडल में मिर्जापुर, विंध्याचल, चुनार, मानिकपुर, फतेहपुर, गोविंदपुरी, पनकीधाम, कानपुर अनवरगंज, शिकोहाबाद, मैनपुरी, टूंडला, इटावा और खुर्जा स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े पुल बनाए जाएंगे। कुछ में काम भी शुरू हो गया है। फिरोजाबाद एवं सोनभद्र स्टेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, लखनऊ मंडल के प्रयाग जंक्शन एवं फाफामऊ जंक्शन पर भी नवंबर तक एफओबी बनाने का लक्ष्य है।
बता दें कि पूरे देश में 1300 से अधिक स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इन स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़े एफओबी जाएंगे। इसके तहत स्टेशन से एक छोर से दूसरे छोर तक इन पुलों का निर्माण होगा। इसका यह फायदा होगा कि लोगों को शहर के एक तरफ से दूसरे तरफ जाने के लिए प्लेटफार्म टिकट नहीं लेना होगा।
-
अमृत भारत स्टेशन के रूप में चुने गए प्रयागराज मंडल के कुछ स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़े एफओबी बनाने का कार्य शुरू हो गया है। फिरोजाबाद और सोनभद्र स्टेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। - अमित सिंह, पीआरओ, प्रयागराज मंडल