सिगनल में गड़बड़ी होने से पौने दो घंटे देरी से आई वंदे भारत
प्रयागराज। नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार को तकरीबन पौने दो घंटे की देरी से इलाहाबाद जंक्शन पहुंची। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के निकट दादरी में सिगनल में कुछ गड़बड़ी आ गई थी। इस वजह से ट्रेन वहां काफी देर खड़ी रही। इसके अलावा सिराथू के निकट शुजातपुर रेलवे स्टेशन पर भी सिगनल में आई खामी ने ट्रेन को एक बार फिर रोका। इस वजह से ट्रेन दिन में 12.23 की बजाय दो बजे के बाद ही जंक्शन पहुंच सकी। वाराणसी भी ट्रेन विलंब से ही पहुंची। वहां से वापसी में ट्रेन देरी से चली, जो इलाहाबाद शाम 4.35 की बजाय शाम 6.20 बजे पहुंची। दोनों ओर से ट्रेन के विलंब से आने की वजह से यात्रियों को भी दिक्कत हुई।