दस को प्रयागराज आएंगे चेयरमैन रेलवे बोर्ड
प्रयागराज। चेयरमैन रेलवे बोर्ड (सीआरबी) विनोद कुमार यादव बृहस्पतिवार दस जनवरी को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। सीआरबी बनने के बाद उनका यह पहला प्रयागराज का दौरा है। यहां दस जनवरी की सुबह उनके आने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे इलाहाबाद जंक्शन, इलाहाबाद सिटी, इलाहाबाद छिवकी, प्रयाग, प्रयागघाट, झूंसी, सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। इन स्टेशनों पर तकरीबन 700 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ने तमाम कार्य करवाए हैं। सीआरबी की अध्यक्षता में उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) मुख्यालय में उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के अफसरों के साथ वे समीक्षा बैठक भी करेंगे। सीआरबी दस जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात कर सकते हैं। शाम को ही उनके दिल्ली वापस जाने का कार्यक्रम है। एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने उनके आगमन की पुष्टि की है।