हाईकोर्ट यातायात व्यवस्था पर सुनवाई सात को
इलाहाबाद। हाईकोर्ट के पास यातायात व्यवस्था सुधारने और पार्किंग की समस्या से निजात पाने के लिए दाखिल जनहित याचिका पर बुधवार को यातायात पुलिस और नगर निगम की ओर से कोर्ट में आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट दाखिल की गई। इस पर अगली सुनवाई सात अक्तूबर शनिवार को होगी। अधिवक्ता सुनीता शर्मा और अन्य की याचिका पर न्यायमूर्ति तरुण अग्रवाल और न्यायमूर्ति अजय भनोट की पीठ सुनवाई कर रही है। कोर्ट ने अगली तारीख पर जिलाधिकारी, एसपी यातायात, नगर आयुक्त और इलाहाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। अधिवक्ताओं की ओर से नई यातायात व्यवस्था को लेकर कई प्रकार के सुझाव दिए गए तथा समस्याओं को भी गिनाया गया। कोर्ट ने आवश्यक निर्देशों के साथ अगली सुनवाई पर अधिकारियों को उपस्थिति रहने के लिए कहा है। सुनवाई के दौरान एसपी यातायात कुलदीप सिंह भी अदालत में मौजूद रहे।