जीएसटी अधिकरण पर अवध
बार के विरोध में हाईकोर्ट बार
प्रयागराज। जीएसटी अधिकरण को लेकर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और अवध बार एसोसिएशन (लखनऊ) आमने-सामने हैं। दोनों अधिवक्ता संगठन अपने-अपने शहरों में अधिकरण चाहते हैं। अवध बार एसोसिएशन अधिकरण लखनऊ में स्थापित करने की मांग कर रहा है, जिसका हाईकोर्ट बार ने विरोध किया है। हाईकोर्ट बार की कार्यकारिणी बैठक में मंगलवार को इस मामले पर चर्चा की गई। कहा गया कि मद्रास बार एसोसिएशन केस में सुप्रीमकोर्ट ने कहा है कि हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जिस शहर में हो वहीं पर अधिकरण स्थापित किया जाए। बार एसोसिएशन ने अवध बार के प्रस्ताव को सुप्रीमकोर्ट के आदेश की अवहेलना करार देते हुए विरोध किया है। बैठक की अध्यक्षता बार के अध्यक्ष राकेश पांडेय ने की और संचालन महासचिव जेबी सिंह ने किया। राकेश पांडेय ने बताया कि इस मामले को लेकर अवध बार एसोसिएशन द्वारा दाखिल जनहित याचिका में बार पक्षकार बनेगी और विरोध करेगी। मुख्य न्यायाधीश से भी मांग की जाएगी कि इस याचिका की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में पहले से लंबित याचिका के साथ की जाए।