जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से कैशवैन से डेढ़ करोड़ की चोरी के सनसनीखेज मामले में बदमाशों के चेहरे स्पष्ट रूप से दिख गए हैं। गिरोह में शामिल जिन नौ लोगों ने घटना को अंजाम दिया, उनकी फोटो लेकर दो टीमों को तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल भेजा गया है। गिरोह तमिलनाडु का है और पश्चिम बंगाल के कुछ लोग उसमें शामिल हैं। जंक्शन से कैश बाक्स ले जाने में ई रिक्शा का इस्तेमाल किया गया। इसकी भी फुटेज मिली है।
कैशवैन से डेढ़ करोड़ नकद से भरा बक्सा उड़ाने वाले बदमाशों की तलाश में पुलिस ने कई जगह की सीसीटीवी फुटेज निकाली तो लगभग सभी की रिकार्डिंग मिल गई। सीसीटीवी फुटेज से ही पता चला कि गिरोह में नौ बदमाश शामिल थे। उनके हुलिये और चेहरों को देखकर साफ अंदाजा हो रहा है कि वे दक्षिण भारत के हैं। जंक्शन से वे कैश बाक्स ई-रिक्शे पर लादकर ले गए। क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके बाद एसएसपी ने दो टीमों को संदिग्ध लोगों की फोटोग्राफ के साथ तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल भेज दिया। सूत्रों के मुताबिक गिरोह तमिलनाडु का है। वहां पर इस तरह कई बड़े टप्पेबाज गिरोह रजिस्टर्ड हैं। फोटो से मिलान के बाद उनके नाम और पते स्पष्ट हो जाएंगे।