टप्पल थाना क्षेत्र के गांव मौर निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत पर गांव के दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
भूदेव (29) पुत्र ओमी शुक्रवार शाम गांव के ही तीन युवकों के साथ बैटरी बदलवाने के लिए टप्पल गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में किसी व्यक्ति का मकान बन रहा था। उसके दरवाजे के सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पत्थर-गाटर भरे हुए थे। भूदेव गाटर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे घर पहुंचाया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का मामला लगता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।