गोधा क्षेत्र में गोली लगने से घायल युवक की जानकारी करती पुलिस
- फोटो : संवाद
अलीगढ़ थाना गोधा क्षेत्र के गांव नगला महबूदपुर में ससुराल में आए युवक पर नामजदों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से मामले में कोई तहरीर नही मिली है।
थाना अतरौली क्षेत्र के गांव कलियानपुर -गणेशपुर निवासी बबलू की गोधा क्षेत्र के गांव नगला महबूदपुर निवासी सुंदर सिंह के यहां पर है। बबलू की पत्नी शकुंतला पिछले दो माह से अपने मायके में ही रह रही है। बबलू उसे बुलाने के लिए बृहस्पतिवार को अपनी ससुराल आया था। दोपहर करीब दो बजे वह खेतों की तरफ शौच के लिए गया था।
आरोप है कि तभी कुछ नामजदों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली बबलू के पेट में लगी है। इस बीच शोर-शराबे पर आरोपी वहां से भाग गए। घायल को परिजन पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली लेकर पहुंचे। जहां से उसे गंभीर हालात में जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर गोधा थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी व सीओ अतरौली संजना सिंह पहुंच गईं। उन्होंने घायल से पूरी घटना की जानकारी ली। सीओ अतरौली संजना सिंह ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों से तहरीर मांगी गई है, मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सकों ने बबलू की हालत खतरे से बाहर बतायी है।