रोरावर क्षेत्र के नीवरी अलहदादपुर में मंगलवार रात उधारी के विवाद में एक युवक को कुछ लोगों ने पीट दिया। इस दौरान आई गंभीर चोटों से युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण दो पसलियां टूटना, लिवर फटना व सिर में चोट लगना आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजदों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।
अलहदादपुर निवासी 34 वर्षीय इब्राहिम बिल्डिंग मैटेरियल का काम करता था। परिजनों का आरोप है कि कुछ वर्ष पहले उसने मीट फैक्टरी में ठेकेदारी करने वाले इलाके के मुजक्किर व कचौड़ी विक्रेता मुस्तकीम, तुर्कमान गेट के वामिक से छह लाख रुपये उधार लिए थे।
इसके बाद से लेकर अब तक ब्याज सहित किस्त के रूप में वह रुपया वापस कर चुका है। इसके बावजूद इब्राहिम पर दस लाख रुपये बकाया बताए जा रहे थे। मंगलवार रात तीनों घर आए और उसे रुपये देने के लिए कहने लगे। इस दौरान बातचीत करते हुए वह घर से बाहर चला गया। जहां विवाद के दौरान उन्होंने इब्राहिम को पीट दिया।
कुछ घंटे बाद इब्राहिम की तबियत बिगड़ी तो उसे जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां शरीर में आई चोटों के चलते उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ प्रथम अशोक कुमार सिंह के अनुसार प्रकरण में तीनों नामजदों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण दो पसलियां टूटना, लिवर फटना व सिर में चोट आना आया है। तीनों की तलाश की जा रही है।