कोविड कॉल के दौर से जूझकर उबरे ऑटो सेक्टर में इस बार त्योहारी सीजन को लेकर गजब का उत्साह है। ऑटो बाजार में नवरात्र से लेकर दीपावली तक की तैयारियां की गई हैं। पितृ पक्ष में चल रही बुकिंग 35 फीसदी तक बाजार में उछाल की ओर इशारा कर रही है। इसे लेकर कार व दोपहिया वाहन डीलर खासे उत्साहित हैं। बस चिंता बुकिंग के बाद समय पर गाड़ी न मिलने की समस्या को लेकर जरूर है। इससे ग्राहक के साथ-साथ डीलर को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
कोविड कॉल के दो वर्ष में ऑटो बाजार सहित सभी क्षेत्रों पर असर पड़ा था। वाहनों की बिक्री में काफी हद तक गिरावट दर्ज की गई थी। इससे ऑटो बाजार में बेहद निराशा थी। इस बार परिणाम सकारात्मक होने की उम्मीद है, जिसके संकेत अभी से मिलने लगे हैं। सामान्य दिनों की अपेक्षा बाजार में सीधे-सीधे 35 फीसदी उछाल के अभी तक संकेत हैं। बुकिंग और ग्राहकों की कॉल ऑटो शोरूम में पहुंचने लगी है।
-बाजार में बेहद उछाल है। नवरात्र को लेकर प्रतिदिन 15 से 20 कारों की बिक्री के संकेत हैं। यह सीधा-सीधा 35 फीसदी उछाल का इशारा है। जो सामान्य दिनों से 50 फीसदी अधिक बिक्री के संकेत हैं।-सुमित अग्रवाल, देव मोटर्स, मारुति।
-बाजार में बेहद तेजी है। हमारे स्तर से भी तैयारी पूरी है। नवरात्र में 100 से अधिक कार की बिक्री के संकेत मिल रहे हैं। बुकिंग भी उसी अनुसार हो रही हैं। नवरात्र के बाद दीपावली तक भी परिणाम अच्छा रहेगा।-अमन राठी, विनीत मोटर्स, महिंद्रा।
-अभी हमारे सेक्टर में स्कीम लांच नहीं हुई है, मगर तैयारी है। 25 सितंबर से स्कीम लांच होना शुरू हो जाएंगी। सामान्य दिनों में 700-800, जबकि इस त्योहार में 1000 वाहन प्रतिमाह बिकने की उम्मीद है।-दुष्यंत सिंह, अलीगढ़ ऑटोमोबाइल, हीरो।
----
-बाजार में गजब का उत्साह है। नए मॉडल की यजदी को लेकर लोग बेसब्री से बुकिंग करा रहे हैं। इस बार त्योहार पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। नवरात्र के बाद से दीपावली तक काफी कुछ सुधार दिखाई देगा।-तुषार सिंह, शिवा ऑटो, यजदी/यामाहा।
कुछ ब्रांडों की डिलीवरी में देरी
डीलर बताते हैं कि कारों की डिलीवरी शहरवार मिलती है। अभी मारुति की ब्रीजा, अर्टिका सीएनजी की डिलीवरी 40 सप्ताह व 16 सप्ताह बाद मिल रही है। इसी तरह महिंद्रा में स्कार्पियो एन की डिलीवरी 25 तारीख से शुरू होगी। एक्सयूवी व थार की डिलीवरी देरी से हो रही है। यह सभी शहरों में स्थिति है।
यह जानें
-8 कार शोरूम हैं अपने शहर में
-16 दोपहिया शोरूम भी शहर में
-18 ई-दोपहिया शोरूम भी यहां
खास बात
-100 से अधिक कारों के एक शोरूम पर नवरात्र में बिक्री के लिए हो रही तैयारी
-1000 से अधिक दोपहिया एक शोरूम पर नवरात्र में बिकने की उम्मीद
दुष्यंत प्रताप सिंह- फोटो : CITY OFFICE