महानगर के देहली गेट क्षेत्र के गोविंद नगर में शादी कराने वाली महिला की धमकियों और पुलिस उत्पीड़न से तंग युवक की आत्महत्या के मामले में आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसी के साथ मामले में देहली गेट इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर किए जाने के बाद नए इंस्पेक्टर को वहां तैनाती दे दी गई है।
गोविंद नगर के 35 वर्षीय रवि ने 11 माह पहले पश्चिम बंगाल की महिला से विवाह किया था। यह विवाह इलाके की गुलाबो देवी नाम की महिला ने कराया था। आरोप है कि मई माह में रवि की पत्नी गुलाबो देवी के घर से गायब हो गई। उसकी गुमशुदगी रवि की ओर से दर्ज न कर पुलिस ने पिछले माह महिला के भाई की ओर से दर्ज कर ली।
इस मामले में पुलिस पर आरोप लगा है कि लगातार पुलिस रवि व उसकी मां को परेशान कर रही थी। इसी से तंग आकर दिवाली की रात उसने घर में फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। जिसे लेकर मंगलवार को जमकर बवाल हुआ।
इस मामले में मंगलवार को ही पुलिस ने गुलाबो पर मुकदमा दर्ज किया और इंस्पेक्टर व चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया। इस मामले में अब गुलाबो देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं नए इंस्पेक्टर देहली गेट के रूप में विनोद कुमार को तैनाती दी गई है। बता दें कि इस मामले में डीएम स्तर से मजिस्ट्रेटी जांच के भी आदेश दिए गए हैं।