भेड़िये की दहशत के बीच भवानीपुर में घुसा जंगली जानवर
प्रदेश भर में भेड़िये की दहशत के बीच मंगलवार की रात गांव भवानीपुर में कोई जंगली जानवर घुस गया। उसने एक बकरी को अपना निशाना बनाया। इससे गांव में दहशत का माहौल है। बुधवार को वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर बकरी के शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं छोटे बच्चों को अकेले घरों से बाहर न जाने देने की सलाह दी।
वन विभाग के रेंजर महफूज अली ने बताया गांव में गांव में जंगली जानवर घुसने की सूचना मिलने पर वह बुधवार की दोपहर टीम के साथ पहुंचे थे। जंगली जानवर का शिकार हुई बकरी का पोस्टमार्टम कराया गया है। बकरी पर सियार के हमला करने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बताया कि ग्रामीणों से कहा गया है कि वह घर से बाहर निकलते समय लाठी-डंडा लेकर ही निकलें। जागरूकता के लिए गांव में पंफ्लेट भी बंटवाए गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने बताया मंगलवार रात की घटना के बाद से युवाओं की अलग-अलग टोली लाठी-डंडे लेकर गांव में घूम रही है।
फोटो... गांव में घटनास्थल पर ग्रामीणों से जानकारी करते रेंजर महफूज अली