कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला अहिवासी निवासी जितेंद्र कुमार की हत्या में उसकी पत्नी रेखा और उसके करीबी जयवीर शक के घेरे में हैं। इन दोनों को हरियाणा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हरियाणा पुलिस ने पोस्टमार्टम की रिपोर्ट लेकर बिसरा संरक्षित करा दिया है। घटनास्थल का मौका मुआयना कर रेखा के फोन की कॉल डिटेल सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
विदित रहे कि नगला अहिवासी निवासी राहुल अमर उद्योग प्राइवेट लिमिटेड फरीदाबाद हरियाणा में नौकरी करता था। राहुल का तहेरा भाई जितेंद्र कुमार (35) पुत्र सोहन सिंह भी उसके साथ उसी कंपनी में नौकरी करने चला गया और वह इंदिरा नगर कालोनी, फरीदाबाद (हरियाणा) में रहने लगा। बीती 11 जनवरी से जब जितेन्द्र अनुपस्थित हुआ तो कंपनी के संबंधित अधिकारियों ने राहुल से जानकारी की। राहुल ने गांव में जितेन्द्र के परिजनों से जानकारी की। जब जितेंद्र का कहीं पता नहीं चला तो इस संबंध में राहुल ने 17 जनवरी को फरीदाबाद के थाना सेक्टर आठ में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज कर हरियाणा पुलिस इगलास आई थी। 23 जनवरी को जितेंद्र का शव इगलास के निकट भीलपुर करवन नदी के पास मिला।
हरियाणा पुलिस ने जितेंद्र की पत्नी रेखा की फोन कॉल डिटेल के आधार पर सांई सिटी कालोनी निवासी जयवीर सिंह फौजी पुत्र निरंजन सिंह मूल निवासी नगला फतेला से पूछताछ की। जिसमें पता लगा था कि दोनों ने मिलकर जितेंद्र की हत्या कर दी है। हरियाणा पुलिस गोंडा रोड पर खाद बीज की दुकान करने वाले जयवीर और रेखा को पकड़ कर 23 जनवरी को अपने साथ हिरासत में ले गई थी। 25 जनवरी को पुलिस ने अन्य साक्ष्य संकलन किए। पुलिस के साथ दोनों आरोपी भी आए थे।
कोतवाल सुरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि 25 जनवरी को फरीदाबाद पुलिस टीम फौजी तथा मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर यहां आई और घटनास्थल का निरीक्षण कर नक्शा तैयार किया। मृतक के गांव में भी घटना के संंबंध में साक्ष्य संकलन करने के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर चली गई है।