कस्बे के मोहल्ला धोबियान निवासी एक युवक ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे मौत हो गई। बताते हैं कि वह पत्नी को बुलाने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने साथ आने से मना कर दिया। वहीं परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने पीटा जिस पर युवक ने ऐसा कदम उठाया।
मोहल्ला धोबियान निवासी 22 वर्षीय श्रीपाल पुत्र पोदम सिंह ने शनिवार की दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। इस पर हालत बिगड़ी तो परिजन लेकर कस्बे के एक निजी अस्पताल में पहुंचे। हालत गंभीर होने पर वहां से जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। इस पर परिजनों ने जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां रविवार की देर रात उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार को श्रीपाल अपनी पत्नी को (ऐंहन) हाथरस स्थित मायके में छोड़कर लौटा था। शनिवार को पत्नी को बुलाने ससुराल पहुंच गया। मृतक के भाई श्रीकिशन का आरोप है कि ससुराल वालों ने उनके भाई पीटा इस पर गुस्से में रास्ते में ही जहरीला पदार्थ लेकर खा लिया था। दोपहर में घर पहुंचते ही हालत बहुत गंभीर हो गई थी। भाई के अनुसार छह माह पहले ही (ऐंहन) हाथरस निवासी पूजा देवी के साथ श्रीपाल की शादी हुई थी। पति-पत्नी के बीच हर समय विवाद रहता था। भाई के ससुराल वाले भी अनमन से रहते थे। मौत की खबर देने के बावजूद मृतक की पत्नी नहीं आई।