महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के लक्ष्मीबाई मार्ग स्थित इस्लाम नगर मोहल्ला के एक शादी वाले घर से बीती रात चोरों ने कीमती माल पार कर दिया। घटना उस समय हुई, जब परिवार मकान बंद कर कहीं बाहर गया था। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। तीन आरोपी कंधे पर सामान लादकर कैद पाए गए हैं। इस आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने को प्रयासरत है।
इस्लाम नगर के आश मोहम्मद का दिल्ली में कपड़े का व्यापार है। उनके घर में शादी है। इसी शादी की तैयारियों के क्रम में 23 दिसंबर को उनकी मां अनीसा घर से ताला लगाकर अपने मायके चंडौस गईं थीं। बीती रात चोरों ने घर में घुसकर शादी की तैयारियों को लेकर रखे गए जेवरात, गैस सिलिंडर, बैटरी आदि सामान चोरी कर लिया। बृहस्पतिवार को चोरी की जानकारी होने पर पुलिस को खबर दी। अनीसा भी लौट आईं। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो तीन युवक कंधे पर सामान लादकर कैद पाए गए हैं। इधर, चोरी गए माल की कीमत आठ लाख रुपये के आसपास बताई गई है। क्वार्सी पुलिस के अनुसार आरोपियों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।
इधर, मडराक क्षेत्र में आगरा रोड समृद्धि टाउनशिप के मंदिर से बुधवार रात चोर 20 हजार रुपये नकदी व साउंड सिस्टम चोरी कर ले गए। यहां चिल्ड्रेन पार्क के पास दिव्येश्वर महादेव मंदिर है। मंदिर के सामने सिटी मजिस्ट्रेट के पेशकार राजीव राठी का घर है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रात में चोर मंदिर में कूमल लगाकर गल्ले में रखी 20 हजार नकदी व साउंड सिस्टम ले गए। इसके अलावा मंदिर के पास दो खाली मकानों से बाथरूम में लगा सामान भी ले गए हैं। इस सूचना पर आई पुलिस ने जांच में पाया कि सीसीटीवी में तीन युवक कैद हैं, जिनमें से एक सीढ़ी लेकर आया है।
याकूतपुर पुलिया पर युवक को तमंचा दिखाकर लूटा
महुआखेड़ा क्षेत्र में याकूतपुरा पुलिया के पास बुधवार रात युवक को तमंचा दिखाकर लूट लिया गया। इस संबंध में पुलिस को सूचना देते हुए जगदंबा कालोनी के विकास ने बताया कि वह शाम को बाजार से घर लौट रहा था। तभी नौ बजे याकूतपुरा पुलिया के पास पहुंचा पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने रोका और तमंचा दिखाकर मोबाइल व पर्स छीन लिया। इंस्पेक्टर महुआ खेड़ा के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ब्यूरो
मडराक में चोरी के तीन आरोपी दबोचे
मडराक पुलिस ने बृहस्पतिवार को चोरी में तीन आरोपी दबोचे हैं। इनके पास से दो कार के इंजन और एक खुली हुई गाड़ी का ब्लॉक बरामद हुआ है। सीओ इगलास राघवेंद्र सिंह के अनुसार पुलिस ने चेकिंग में एडीए कोतवाली का मो. शाहरुख, फैजान व गोविंद नगर का मुस्तकीम पकड़े हैं। इनसे चोरी की कार के दो इंजन व एक खुली हुई गाड़ी का ब्लॉक मय इंजन सहित बरामद हुआ है। तीनों ने चोरी की गाड़ियों का माल कबाड़ में बदलकर बेचना स्वीकारा है।