अचलरोड जलभराव की समस्या को लेकर अचलताल रामलीला ग्राउंड के सामने जाम लगाते स्थानीय लोग । अमर उजाल
- फोटो : CITY OFFICE
अचल रोड पर चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज के बाहर नगर निगम ने मंगलवार को जहां जल भराव खत्म कराने का दावा किया था। बुधवार को वहां फिर वही हालात बने। इसे लेकर गुस्साई इलाके की महिलाओं ने रामलीला मैदान पर जाम लगा दिया। इस दौरान जमकर हंगामा किया और जीटी रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। किसी तरह पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और नगर निगम टीम ने जलनिकासी शुरू कराई।
हुआ यूं कि अचल सरोवर के सहारे चंपा अग्रवाल वाले रास्ते पर पानी भरा हुआ है। इससे रास्ते में छात्राओं व आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। हालांकि नगर निगम ने मंगलवार को पानी निकासी का दावा किया। मगर बुधवार को फिर वही हालात बन गए।
इस पर दोपहर में महिलाएं एकत्रित होकर जीटी रोड पर आ गईं और रामलीला मैदान के सामने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में जाम के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई। किसी तरह पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया और बाद में पंप लगवाकर नगर निगम ने वहां पानी निकलवाया। जाम लगाने वालों में स्कूल की छात्राएं भी मौजूद रहीं।
इस जाम के चलते जीटी रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मीनाक्षी पुल पर भी यातायात व्यवस्था चरमराकर रह गई। इस संबंध में जलकल विभाग के जीएम अनवर ख्वाजा ने बताया कि निर्माण एजेंसी ने अचल में भरा पानी बाहर फेंक दिया था। जिसे निकलवा दिया है। वहीं निर्माण एजेंसी को भी इस संबंध में हिदायत दी गई है।