टप्पल इलाके में यमुना के बढ़ रहे जलस्तर ने अफसरों की चिंता बढ़ा दी है। एक-एक कर छह गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जिससे हालात बिगड़ने लगे हैं। प्रशासनिक अफसरों का दावा है कि अगले कुछ दिन में यमुना का जलस्तर कम होने लगेगा, जिससे बाढ़ की समस्या से निजात मिलने की संभावना है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को खाने के साथ ही सूखा राशन भी वितरित किया जा रहा है। फ्लड पीएसी एवं गोताखोरों की तैनाती हो गई है।
यमुना में पिछले कई दिनों से पानी लगातार बढ़ रहा है। खतरे के निशान से पानी ऊपर जा चुका है। जो आस-पास के गांवों को अपनी चपेट ले रहा है। महाराजगढ़ गांव में पिछले चार दिन से चारों ओर से पानी में डूबा हुआ है। निचले इलाके वाले घरों में पानी भर गया है। शेरपुर, पखौदना गांव भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। यहां भी घरों के अंदर पानी बढ़ रहा है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना है। उधर, बाढ़ को लेकर पुलिस-प्रशासनिक अफसर डेरा डाले हुए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व मीनू राणा, एसपी देहात पलाश बंसल, एसडीएम खैर मोहम्मद अमान ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को खाने के साथ ही सूखा राशन भी वितरित कराया।
एडीएम वित्त एंव राजस्व मीनू राणा ने बताया कि जलस्तर को देखते हुए गांव में नाव और स्टीमर की तैनाती कर दी गई है। ग्रामीणों एवं पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। टप्पल के साथ ही गांव लालपुर में भी राहत शिविर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि ओखला बैराज के डानस्ट्रीम में यमुना नदी का जल स्तर 200.300 मी तथा स्केपिंग डिस्चार्ज 3,19,099 क्यूसेक है। जो बैराज की डिस्चार्ज परिकल्पित क्षमता से अधिक है। ओखला बैराज पर यमुना नदी का जल स्तर खतरे के निशान 200.600 मी. के पास है। उन्होंने बताया कि संकेतों के अनुसार यमुना नदी का जल स्तर घटने का पूर्वानुमान है।
दो दिन में होगा पानी कम - एसडीएम
एसडीएम खैर मोहम्मद अमान ने बताया कि यमुना का जलस्तर पिछले कई दिनों से 200 मीटर से ऊपर है, लेकिन अब अगले दो दिन में कमी आने की पूरी उम्मीद है। नई दिल्ली स्थित ओखला बैराज में भी अब जलस्तर कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परेशान न हों, पुलिस-प्रशासन सबके साथ खड़ा है।
गंगा में भी तेजी से बढ़ रहा जलस्तर
यमुना के रौद्र रूप आने के बाद गंगा नदी में भी तेजी से जल स्तर बढ़ रहा है। पानी अब खतरे के निशान के बेहद नजदीक आ गया है। तहसील प्रशासन भी इसको लेकर पूरी तरह से सतर्क है। जिला पंचायात अध्यक्ष विजय सिंह एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता ठा. श्यौराज सिंह ने शनिवार को एसडीएम अतरौली अनिल कटियार के साथ सांकरा गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से जलस्तर को देखते हुए जागरुक रहने एवं खासकर बच्चों से गंगा की ओर न जाने की अपील की।