इगलास बालाजी ट्रेडर्स में जांच करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी। विज्ञप्ति
- फोटो : CITY OFFICE
धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए बृहस्पतिवार को जागरुकता अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने तहसील इगलास में एसडीएम भावना विमल के नेतृत्व में अलीगढ़ रोड पर शुभम अग्रवाल के प्रतिष्ठान बालाजी ट्रेडर्स से बेसन एवं सरसों के तेल का एक-एक नमूना लिया।
यहां से 193 लीटर सरसों का तेल सीज किया गया। जबकि 70 किलोग्राम खराब बेसन को नष्ट करा दिया। बेसन में कीड़े पड़े हुए थे और वह जनस्वास्थ्य के लिए नुकसानदेय हो सकता था। वहीं शहर में थाना गांधीपार्क के मोहल्ला मामू भांजा स्थित गर्ग डेयरी से घी का एक नमूना जांच को संग्रहित किया गया।
महावीर नगर में सब्जी पुलिया के निकट स्थित एसके स्वीट सेंटर से लड्डू मिठाई का एक नमूना, तहसील खैर पर अमरगढ़ी स्थित इरफान की खोया निर्माणशाला से खाद्य पदार्थ खोया का एक नमूना, तहसील गभाना पर ग्राम बरका में स्थित खाद्य कारोबारकर्ता निरंजन सिंह की खोया निर्माणशाला से खोया का एक नमूना, तहसील कोल पर ग्राम तालसपुर कलां, रामघाट रोड स्थित योगी स्वीट से बर्फी का एक नमूना एवं सागवान सिटी-2, कयामपुर स्थित आराध्या जनरल स्टोर से नमकीन का एक नमूना जांच को संग्रहित किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम की यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।