गांव दत्ताचोली में दीवार तोड़ने के विवाद के दौरान मौजूद लोग। संवाद
- फोटो : Samvad
तहसील क्षेत्र के गांव दताचोली बुजुर्ग में 20-25 लोगों ने जमीन कब्जाने के लिए धावा बोल दिया। पीड़ित पक्ष की दीवार तोड़ डाली। विरोध करने पर फायरिंग करते हुए जानलेवा हमला किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद व 20-25 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना पालीमुकीमपुर गांव दताचोली बुजुर्ग निवासी शिशुपाल सिंह ने बताया कि वह राजस्थान के भिवाड़ी में रहते हैं। गांव में उनकी कृषि भूमि है जिसकी करीब छह फुट ऊंची दीवार से घेराबंदी थी। खेती की देखभाल के लिए शिशुपाल सिंह गांव आये हुए हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार को गांव की ममता देवी पत्नी ओमवीर सिंह, शीला देवी पत्नी चरन सिंह, ओमवीर पुत्र थान सिंह, राजकुमार पुत्र चरन सिंह समेत करीब 20-25 लोगों ने उनकी जमीन पर धावा बोल दिया है और कब्जा करने के लिए दीवार तोड़कर ढहा दी। शिशुपाल सिंह ने इसका विरोध किया तो नामजदों ने गालीगलौज शुरू कर दी।
जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी कर डाली। इससे पीड़ित पक्ष डर गया और थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। एसओ ने बताया कि इस मामले में धारा 307, 147, 148, 427, 323, 504 व 506 में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।