फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election: कड़ी सुरक्षा में होगा हाथरस लोकसभा के लिए मतदान, बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां

Mon, 06 May 2024 11:42 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

7 मई को सुबह साढ़े पांच बजे मॉक पोल होगा। सात बजे से शाम छह बजे तक मतदाता पोलिंग बूथों पर मतदान कर सकेंगे। प्रत्येक दो घंटे पर मतदान प्रतिशत घोषित किया जाएगा। पहला मतदान प्रतिशत सुबह नौ बजे घोषित होगा।
विज्ञापन
पोलिंग बूथों के लिए ईवीएम मशीन लेकर रवाना होतीं महिला कर्मचारी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में शामिल हाथरस संसदीय क्षेत्र में 7 मई को मतदान होगा। इस संसदीय क्षेत्र में शामिल अलीगढ़ जिले की छर्रा और इगलास विधानसभा के 779440 मतदाता अपना नया सांसद चुनेंगे। चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। 

विज्ञापन


मतदान के लिए 6 मई को धनीपुर मंडी से 895 पोलिंग पार्टियों को छर्रा व इगलास विधानसभा क्षेत्र में भेजा गया। अफसरों को भरोसा है कि लोग इस बार जमकर मतदान करेंगे और मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। इसलिए हाथरस संसदीय क्षेत्र के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी बैंक एवं अन्य संस्थान बंद रहेंगे। डीएम विशाख जी ने कहा है कि बीएलओ ने पोलिंग बूथों से जुड़े मतदाताओं को वोटर पर्चियां उपलब्ध करा दीं हैं। मतदान के दौरान ईवीएम में आने वाली गड़बड़ी को सुधारने के लिए प्रत्येक विधानसभा में तीन इंजीनियर तैनात रहेंगे, ताकि किसी प्रकार का व्यवधान न आ सके। 

उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे मॉक पोल होगा। सात बजे से शाम छह बजे तक मतदाता पोलिंग बूथों पर मतदान कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दो घंटे पर मतदान प्रतिशत घोषित किया जाएगा। पहला मतदान प्रतिशत सुबह नौ बजे घोषित होगा। डीएम ने कहा है कि मतदान के दौरान शांति व्यवस्था रखने के लिए जिले की सीमाएं सील कर दी गई हैं। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने वालों एवं ईवीएम में गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। 

विज्ञापन

बीएलओ बूथ पर रहेंगे, मोबाइल फोन प्रतिबंधित

अलीगढ़ डीएम विशाख जी ने बताया कि सभी पोलिंग बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए यह सुनिश्चित किया गया है कोई भी मतदाता मोबाइल फोन के साथ पोलिंग परिसर में जाए। यदि कोई मोबाइल लेकर आता है तो उसे मतदान केंद्र में जाने से पूर्व ही जमा करा लिया जाए। निर्वाचन की हर गतिविधि की सूचना कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी द्वारा सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से दी जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने कहा कि मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। सोशल मीडिया पर निगाह रखी जा रही है।

धनीपुर मंडी से रवाना हुई पोलिंग पार्टियां, शाम तक पहुंची मतदान केंद्र
6 मई को धनीपुर मंडी से कड़ी सुरक्षा के बीच 895 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में देर शाम तक सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी थीं। छर्रा व इगलास विधानसभा की पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। धनीपुर मंडी से छर्रा व इगलास विधानसभा से कुल 895 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गईं हैं। जिसमें 3940 मतदान कार्मिक शामिल हैं। छर्रा में 436 और इगलास में 459 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 

दोनों विधानसभा क्षेत्रों को दो सुपर जोन, छह जोन एवं 101 सेक्टरों में बांटा गया है। छर्रा विधानसभा के 204784 पुरुष, 177840 महिला, 16 थर्ड जेंडर समेत 382620 मतदाता शामिल हैं। इसी तरह इगलास विधानसभा के 212339 पुरुष, 184475 महिला, थर्ड जेंडर 06 मतदाता समेत कुल 396820 मतदाता शामिल हैं। धनीपुर मंडी में सबसे पहले पोलिंग पार्टियों की डी-कोडिंग की गई। इसके साथ ही ईवीएम, वीवी पैट, जरूरी दवाओं की मेडिकल किट उपलब्ध कराई गई। मतदाताओं के हस्ताक्षर एवं अंगूठा निशानी के लिए रजिस्टर, मतदाताओं की पर्चियां, मतदाता सूची, पीठासीन की डायरी रिपोर्ट, लिफाफा, ड्यूटी प्रमाण पत्र, रसीद, पुस्तक, पेंसिल, बॉल पेन, खाली कागज, मुहरबंदी के लिए कपड़ा, मतदान सामग्री, ब्लेड, मोमबत्ती, अमिट स्याही, ड्राइंग पिन, चेक लिस्ट, रबर बैंड आदि सामग्री उपलब्ध कराई गई।

शहरी क्षेत्र में नगर निगम एवं नगर निकाय स्तर से छर्रा, जलाली, इगलास, गोंडा आदि के स्तर से बैरिकेडिंग कराने के साथ ही पोलिंग बूथ तैयार कर लिए गए हैं। गांव स्तर पर पंचायत राज विभाग द्वारा पोलिंग बूथों की व्यवस्थाएं की गई हैं। कई मतदान केंद्रों पर पिंक बूथ बनाए गए हैं। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। 
विज्ञापन

एक नजर में 

-मंडलीय निर्वाचन कंट्रोल रूम नंबर- 0571-2741180 
-जिला निर्वाचन कार्यालय कंट्रोल रूम नंबर- 1950 
-हाथरस संसदीय क्षेत्र में तीसरे चरण में आज होगा मतदान
-04 जून को होगी हाथरस और अलीगढ़ सीट की मतगणना   
-हाथरस में अलीगढ़ की छर्रा व इगलास विधानसभा शामिल 
-छर्रा में 3,82,620 व इगलास में 3,96,820 मतदाता हैं
-दोनों विधानसभाओं में कुल 7,79, 440 मतदाता
-छर्रा विधानसभा क्षेत्र में 436 पोलिंग बूथ 
-इगलास विधानसभा क्षेत्र में 459 पोलिंग बूथ  
-895 ईवीएम, कंट्रोल यूनिट व वीपी पैट का होगा प्रयोग 
-पोलिंग पार्टियों की संख्या- 895 
-मतदान कार्मिक की संख्या- 3940  
-सेक्टर मजिस्ट्रेट 101 एवं छह जोन बनाए गए
-सुपर जोनल मजिस्ट्रेट - 02 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें