ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता से तीन बकरी चोरों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया गया। गांव नौगवां निवासी इमामुद्दीन पुत्र काले खां के घर से 10 जुलाई की रात्रि को चोर एक बकरा, एक बकरी व रुपये चुरा कर भाग गए थे। घटना के बाद से ही पीड़ित उनकी खोज में जुटा हुआ था।
11 जुलाई की सुबह वह ग्रामीणों के साथ चोरों को खोजने के लिए निकला तो पांच युवक डबल नहर पुल पर चोरी की गई बकरी व बकरा लेकर जा रहे थे। उसने ग्रामीणों के सहयोग से तीन युवक शिवकुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी नगला अनारकली चौकी भुजपुरा, नीरज पुत्र सुरेश चंद्र व अजय कश्यप पुत्र राधेश्याम निवासीगण गांव नौगवां को पकड़ लिया।
इनके साथी अभिषेक पुत्र देवेंद्र निवासी गांव नौगवां व शब्बीर पुत्र जहीर निवासी नगला आशिक चौकी भुजपुरा भाग गए। चोरों को पुलिस के सुपुर्द किया गया। कोतवाल देवेंद्र सिंह ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए चोरों से एक बकरा, एक बकरी, 300 रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को संबंधित कोर्ट में पेश किया गया, कोर्ट ने तीनों को रिमांड पर जेल भेज दिया है।