नगर निगम के पार्षदों को स्टडी विजिट पर मैसूर जाने का टूर अब सितंबर में पूरा होने जा रहा है। कोविड के चलते पिछले काफी समय से लटका पड़ा यह टूर अब होगा। इसके लिए वाराणसी की ट्रैवल एजेंसी को टेंडर मिला है। यह एजेंसी 66 पार्षद व चार अधिकारियों को दो बार में मैसूर घुमाएगी। एक दल 3 दिन व 2 रात वहां रुकेगा।
इस दौरान दल स्वच्छ भारत मिशन व अन्य कार्यों के अभिनव प्रयोगों को वहां देखकर समझेगा। इसके बाद उन्हें अलीगढ़ में लागू कराने का प्रयास होगा। जब टूर से पार्षद दल लौटकर आएगा, तब तक उनका कार्यकाल पूरा होने की खबर भी जारी हो सकेगी। इसके बाद यह दल क्या शहर में लागू कर पाएगा। यह बड़ा सवाल है। इस विषय में जानकारी देते हुए भाजपा पार्षद व उपसभापति डॉ.मुकेश शर्मा ने बताया कि वाराणसी की कंपनी को यह टेंडर हुआ है, जिसे नगर निगम में टेंडर का 70 फीसदी भुगतान 10.49 लाख रुपये कर दिया है। शेष 30 फीसदी भुगतान टूर वापसी के बाद होगा। इसमें जाने के लिए 66 पार्षदों की ओर से सहमति मिली है। इसके अलावा दो बार में दो दो अधिकारी साथ जाएंगे। पहली टीम 14-15 सितंबर को यहां से जाने की संभावना है। यह टूर दो वर्ष से प्रस्तावित था। मगर कोविड के चलते रुका हुआ था।