अलीगढ़ से गंगा स्नान करने जा रहे बाइक सवारों को हरदुआगंज के इस्कॉन मंदिर के निकट सामने से आ रहे कैंटर ने रौंद डाला। हादसे में दो लोगों की पहिये से कुचलकर मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
अलीगढ़ के सासनी गेट थाना क्षेत्र के पला फाटक के निकट रहने वाले किशनपाल पुत्र पूरन सिंह मंगलवार दोपहर पोड़स के 22 वर्षीय रजत पुत्र भोला और 15 वर्षीय लोकेश पुत्र सोनू को लेकर बाइक से गंगा स्नान के लिए निकले। शाम सवा चार बजे करीब इस्कॉन मंदिर के निकट सामने से आ रहे कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रजत और लोकेश गिरकर के पहिए के नीचे आए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। तीसरा युवक उछलकर दूर जा गिरा। साथ में बाइक भी हवा में उछलकर पीछे आ रहे बाइक सवार से जा टकराई, जिसकी चपेट में आकर बरला थाना क्षेत्र के गांव आलकपुर का निवासी सलमान पुत्र चमन भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीर घायलों को बचाने दौड़े। इसी दौरान चालक कैंटर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।