अलीगढ़ में ओवरलोडिंग से जूझते सब स्टेशनों का बोझ कम करने के लिए रिवेंप योजना में दो नए बिजलीघर बनने हैं। हालांकि पिछले दिनों पला रोड इलाके में सरकारी भूमि न होने के चलते यहां बिजलीघर बनना खटाई में पड़ता दिख रहा था। मगर अब ऐसा नहीं होगा। पला रोड की बजाय दूसरा बिजलीघर भदेसी में बनेगा। इसके लिए बिजली अधिकारियों की टीम के साथ तहसील टीम ने तीन स्थान देखे। ये तीनों स्थान बिजली विभाग को पसंद आ गए हैं। अब इन तीनों में से दो बिजलीघर बनेंगे। इनमें से एक असदपुर कयाम व दूसरा भदेसी पर बनेगा।
रिवेंप स्कीम के तहत तय हुआ है कि स्वर्ण जयंती नगर व विक्रम कालोनी बिजलीघर का लोड कम करने के लिए एक नया बिजलीघर असदपुर कयाम के आसपास बनेगा। इसी तरह आगरा रोड व सासनी गेट बिजलीघर का लोड कम करने के लिए एक नया बिजलीघर पला रोड पर बनना तय हुआ। मगर पला रोड इलाके में कोई सरकारी भूमि खाली न मिलने के कारण वहां बिजलीघर बनना खटाई में पड़ता दिख रहा था।
इसी क्रम में विद्युत अधिकारियों द्वारा राजस्व टीमों से संपर्क कर भदेसी में सरकारी भूमि खाली होने की बात कही गई। इसी क्रम में शनिवार को बिजली अधिकारियों संग राजस्व टीमों ने भदेसी पर सरकारी भूमि दिखाई। इसी तरह असदपुर कयाम के साथ-साथ सांगवान सिटी के पास भी एक सरकारी भूमि खाली दिखाई गई। इस तरह अब दो नए बिजलीघर भदेसी में और एक असदपुर कयाम या सांगवान सिटी के आसपास बनेगा। इस विषय में एक्सईएन द्वितीय राहुल बाबू बताते हैं कि राजस्व रिपोर्ट के आधार पर अब नगर निगम से भूमि आवंटन पर निर्णय होगा।