मडराक थाना क्षेत्र में अज्ञात ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई, एक गंभीर रूप से घायल है। मडराक थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में देवेंद्र कुमार पुत्र केहरी सिंह ने बताया कि 27 मार्च को उसके पिता राजेंद्र सिंह पुत्र केहरी सिंह निवासी ग्राम कौरह रुस्तमपुर थाना गभाना अपनी बेटी के ससुराल इगलास से अपने छोटे भाई पुष्पेंद्र के साथ गांव आ रहे थे।
रात को करीब साढ़े आठ बजे इगलास रोड पर अहमदपुर से माता कलांजरी ढाबा के पास उनके बड़े भाई जुगेंद्र सिंह मिल गए। सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बात करने लगे तभी पीछे इगलास से तीव्र गति से आ रहे ट्रक ने पिता राजेंद्र सिंह, भाई पुष्पेंद्र, ताऊ जुगेंद्र सिंह को टक्कर मार दी। जिससे राजेंद्र सिंह व भाई पुष्पेंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
ताऊ जुगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी ट्रक ने गुजर रहे मोटरसाइकिल सवार में भी टक्कर मार दी जिससे वो भी गंभीर रूप से घायल है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार निमोरिया ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक चालक फरार है।