देहात क्षेत्र में कोहरे का कहर शुरू हो गया। 27 दिसंबर को कोहरे की वजह से अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बरला में बाइक सवार युवक को एक वाहन ने रौंद दिया। वहीं, चंडौस में साइकिल से जा रहे एक व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।
बरला के गांव निसारपुर निवासी अमित गौड़ (40) पुत्र नरेंद्र कुमार गौड़ नोएडा की एक कंपनी में कार्य करते थे। बुधवार को छुट्टी लेकर अपने गांव आ रहे थे। हैवतपुर के समीप एक अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, दो बेटों व एक बेटी को रोता बिलखता छोड़ गए।
इधर, 26 दिसंबर की रात चंडौस नगर पंचायत के मजरा नगला जाट निवासी राधेलाल (45) पुत्र ब्रह्म सिंह एक सरिया कंपनी से ड्यूटी कर नौ बजे साइकिल से अपने गांव नगला जाट जा रहे थे। अधिक कोहरा होने के कारण किसी वाहन ने चंडौस व नगला जाट के बीच टक्कर मार दी। राधेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और रात भर सड़क पर ही पड़े रहे।
27 दिसंबर की सुबह राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। चंडौस कोतवाल विनोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के बड़े भाई छिद्दा सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ चंडौस कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।