रघुवीर बाल मंदिर स्कूल के बाहर युवकों में हुए झगड़े व फायरिंग के बाद तमंचा लहराता युवक
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ महानगर के क्वार्सी क्षेत्र में रामघाट रोड के रघुवीर बाल मंदिर के बाहर दो सगे भाइयों पर हमला कर दिया गया। इस दौरान उन्हें बेल्टों व तमंचे की बटो से पीटा गया और हवाई फायर करते हुए तमंचे लहराए गए। इस घटना से मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। घायल को पास के ही नर्सिंग होम में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने पड़ताल करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हुआ यूं कि दीपक नाम का छात्र अपने भाई ईशांत के साथ ग्यारहवीं की टीसी कटवाने रघुवीर बाल मंदिर गया था। इसी दौरान उसे स्कूल में पढऩे वाले बारहवीं के छात्र अमित कुशवाह ने देख लिया। इस पर अमित ने अपने भाई व साथी आदि बुला लिए। चूंकि पूर्व में इन दोनों में किसी बात पर विवाद हुआ था। उसे घेरकर पीटने की योजना बना ली। जैसे ही इशांत व दीपक स्कूल से बाहर निकले तो अमित गुट ने हमला कर दिया। उन्हें बेल्टों, तमंचे की बट, कड़े आदि से जमकर पीटा गया।
इस दौरान दो हवाई फायर भी किए गए। हालांकि पुलिस फायरिंग की बात नकार रही है। इस दौरान हमलावरों ने बीचबचाव करने वाले एक युवक को भी पीटा गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देख हमलावर तमंचे लहराते हुए भाग गए। सूचना के बाद जब पुलिस पहुंची, तब तक मामला शांत हो चुका था।
पुलिस ने स्कूल परिसर में जाकर जांच की और प्रधानाचार्य समेत अन्य स्टाफ से जानकारी की। बाद में पीडि़त छात्र की शिकायत पर छात्र अमित कुशवाहा के भाई व अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर क्वार्सी अरविंद राठी के अनुसार मामले में बारहवीं के छात्र अमित ने अपने भाई के साथ एक अन्य छात्र से मारपीट की। जिसमें मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पक्ष धनीपुर मंडी का बताया गया है।
यह घटना स्कूल के बाहर व बाहरी युवकों द्वारा की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बुलाइ गई है। स्कूल का इस घटना से वास्ता नहीं है। पुलिस जांच कर रही है। -नीतू गोयल, प्रधानाचार्या, रघुबीर बाल मंदिर।