अलीगढ़ विकास प्राधिकरण आवासीय योजनाएं विकसित करने के लिए लैंड पूलिंग स्कीम के तहत जमीनों का अधिग्रहण करेगा। योजना के तहत जीटी रोड स्थित खैर बाईपास, अनूपशहर रोड, अलीगढ़-कानुपर जीटी रोड और खैर-पलवल रोड पर जमीन खोजी जा रही है। इसके साथ ही असदपुर क्यामपुर में भी आवासीय योजना के लिए जिलाधिकारी के स्तर से शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। अब तीन हजार वर्गमीटर या इससे बड़े भवनों के स्वामियों को जलकर देना होगा। बुधवार को एडीए की बोर्ड बैठक में इस पर चर्चा हुई। बोर्ड ने ट्रांसपोर्ट नगर के लेआउट को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
खैर रोड पर ल्हौसरा विसावन में बसाए जाने वाले ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना कुल 85.416 हेक्टेयर क्षेत्रफल में होगी। जिसमें विभिन्न आकार के 1803 भूखंड होंगे। यहां एक पेट्रोल पंप, सीएनजी पंप, होटल, ढ़ाबा, नर्सिंग होम एवं सार्वजनिक शौचालय बनेगा। कुल क्षेत्रफल का 52.88 प्रतिशत ही विक्रय होगा। इसके अलावा 10 प्रतिशत हरियाली, 05.06 प्रतिशत वाहन पार्किंग का प्रावधान किया गया है।
एडीए वीसी अतुल वत्स ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर योजना एक आदर्श योजना सिद्ध होगी। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने अलीगढ़-गभाना रूट पर इंड्रस्ट्रीज, लघु उद्योग ग्रीन पार्किंग विकसित करने का सुझाव दिया। बोर्ड के सदस्यों ने इस पर अपनी सहमति व्यक्त की। इस मौके पर जल शुल्क निर्धारण, उद्धग्रहण और संग्रहण नियमावली 2022 पर अनुमोदन दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त नवदीप रिणवा ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास एवं सौंदर्यीकरण के साथ ही जनसामान्य को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना प्राधिकरण की जिम्मेदारी है। जिसके लिए हर संभव प्रयास किया जाए। वह बोर्ड की 81वीं बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों पर चर्चा के साथ ही खैर रोड पर प्रस्तावित महायोजना -2023 समेत अन्य विकास कार्यों पर चर्चा हुई। एडीए वीसी अतुल वत्स ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा प्रथम बार पीपीटी के माध्यम से बैठक का आयोजन कराया गया है। बैठक में ओएसडी अंजुम बी, बोर्ड सदस्य चौधरी देवराज सिंह, पूनम बजाज आदि मौजूद रहे।
कर्मियों और वाहनों को आउटसोर्स करेगा एडीए
विभागीय कार्यों के लिये एक जेसीबी वाहन, एक इनोवा, तीन बोलेरो कार अनुबंध पर लिए जाने पर सैद्धांतिक सहमति ली गई है। आउटसोर्सिंग के माध्यम से एक विधि परामर्शदाता, एक सहायक लेखाकार, दो अवर अभियंता सिविल एवं एक अवर अभियंता विद्युत रखा जाएगा। पांच सुरक्षा गार्ड भी रखे जाएंगे।
विक्रम कालोनी का लेआउट पास होने की उम्मीद
एडीए बोर्ड बैठक में रामघाट रोड स्थित विक्रम कालोनी का लेआउट पास होने की उम्मीद जगी है। बोर्ड ने निर्णय लिया कि कॉलोनी का स्थलीय परीक्षण कराए जाने के पश्चात ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अनूपशहर रोड पर मुख्य मार्ग से हटकर छेरत-सुढ़ियाल में आवासीय योजना लाने के संबंध में आवास एवं शहरी नियोजन विभाग को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। गभाना में वंडर सीमेंट प्लांट के मानचित्र को स्वीकृति प्रदान की गयी। बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए मूल बजट को पुनरीक्षित किए जाने के संबंध में विभिन्न कार्यों को ध्यान में रखते हुए 2.75 करोड़ से बढ़ाकर 4.15 करोड़ करने पर स्वीकृति प्रदान की गयी।