प्रदेश में हो रहे सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सरकार के निर्देश पर यातायात सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। जिले भर में भी वाहन चालकों को जागरुक करने का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के नाम पर भले ही वाहन चालकों को जागरुक न किया जा रहा हो, लेकिन जिले की सड़कों पर दौड़ रहे दोपहिया और चार पहिया वाहनों में से औसतन हर चौथे वाहन का यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई- चालान जरुर कट जा रहा है।
मगर, वाहन स्वामियों को अपने वाहन का चालान कटने की जानकारी ही नहीं है। यह बात तब पता चल रही है जब वाहन स्वामी के पंजीकृत मोबाइल फोन नंबर पर ई-चालान कट जाने का संदेश आता है। अधिकांश वाहन स्वामियों ने अपनी गाड़ी की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) में सही मोबाइल नंबर दर्ज नहीं करा रखा है।
इसको लेकर करीब डेढ़ लाख वाहन स्वामियों को अब तक पुलिस स्तर से नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। जिनमें अधिकांश वाहन स्वामियों का पता बदल जाने के कारण करीब 30 प्रतिशत नोटिस पुलिस को वापस मिल चुके हैं। यातायात पुलिस की ओर से चालान नोटिस भेजे जाने के बाद भी जिन लोगों ने जुर्माना नहीं भरा है, उनके चालान वर्चुअल कोर्ट में भेजे जा रहे हैं। कोर्ट स्तर पर भुगतान के अभाव में वर्तमान में करीब तीन लाख से अधिक चालान लंबित पड़े हुए हैं। अकेले यातायात पुलिस कार्यालय की बात करें तो यहां भुगतान के अभाव में करीब 60 हजार से अधिक वाहनों के चालान लंबित हैं।
आरसी में खुद ही कर दर्ज करा सकते हैं मोबाइल नंबर
आरटीओ प्रवर्तन फरीदउद्दीन ने बताया कि जनता की सुविधा के लिए परिवहन विभाग में सभी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है। परिवहन विभाग की अधिकृत वेबसाइट पर जाकर आरसी अपडेट का विकल्प आने और दिए गए लिंक पर जाने के बाद मोबाइल नंबर अपडेट का विकल्प दिया गया है। विकल्प का चयन कर लोग अपना मोबाइल नंबर, वाहन संख्या के साथ दर्ज करा सकते हैं। मोबाइल नंबर के सत्यापन के लिए ओटीपी नंबर मोबाइल भेजा जाता है। ओटीपी नंबर दर्ज करते ही मोबाइल नंबर आरसी से लिंक हो जाता है। गाड़ी से संबंधित सभी जानकारी और ई- चालान की जानकारी वाहन स्वामी को संदेश के जरिए मिल जाएगी।
इस तरह रविवार को हुई कार्रवाई
बिना हेलमेट - 385
बिना सीट बेल्ट - 11
गलत नंबर प्लेट- 08
मोबाइल फोन का उपयोग - 07
तीन सवारी दो पहिया वाहन - 24
रेड लाइट - 126
ओवर स्पीड - 185
थाना स्तर पर चालान - 698
शमन शुल्क - 87,500 रुपये
बोले लोग -
शहर में यातायात नियमों के पालन में थोड़ी सी भी लापरवाही पर चालान कट रहा है। मोबाइल पर संदेश के बाद पता चल रहा है।
- लोकेश शर्मा, सूत मिल
यातायात माह में सबसे अधिक चालान की कार्रवाई हो रही है। एक सप्ताह में दो बार बाइक का चालान हो चुका है।
- विवेक कुमार, धनीपुर
यातायात नियमों के उल्लंघन पर पहले वाहन चालकों को हिदायत देनी चाहिए। फिर से उल्लंघन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
- कपिल अग्रवाल, नौरंगाबाद
पहले शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, तभी वाहनों के चालान, जुर्माने आदि की कार्रवाई की जाए।
- शोभित कुमार अचलताल
यातायात माह में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए वाहन चालकों को जागरुक करने को अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान व जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।
- मुकेश चंद्र उत्तम, एसपी यातायात