अलीगढ़। कोरोना वायरस के संक्रमण की दस्तक अलीगढ़ जिले के आसपास हो चली है। बुलंदशहर में 3 केस मिलने के बाद अब शनिवार को हाथरस में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के चार मामले और प्रकाश में आए हैं। इसकी पुष्टि एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज द्वारा की गई है।
एएमयू के जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई कहते हैं कि जेएन मेडिकल कॉलेज में अब तक कुल 736 कोरोना संदिग्ध मामलों की जांच की गई है । जिनमें 54 मामले कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं यानि कि इतने लोग कोरोना से संक्रमित होने के कंफर्म हुए हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या नोएडा की है, जहां पर 45 मामले अब तक कोरोना संक्रमण के कंफर्म हुए हैं । इसके अलावा कोरोना संक्रमण का एक केस आगरा से है और एक केस मुरादाबाद से है। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए 2 स्थान तय किए गए हैं। एक लखनऊ में और दूसरा जेएन मेडिकल कॉलेज है। यहां पर जांच के अलावा एक कोरोना ओपीडी भी संचालित की जा रही है। जिसमें सर्दी, खांसी, जुकाम बुखार आदि के मरीजों को देखा जा रहा है।