कस्बा निवासी एक विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न होने पर शौहर ने तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया। पीड़िता की ओर से शौहर सहित ससुराल वालों के विरुद्ध तहरीर दी गई, जिस पर रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
मुस्कान बेगम पुत्री यूसुफ उर्फ गब्बू निवासी गोंडा रोड थाना रोरावर के अनुसार दो साल पहले उनका निकाह छर्रा कस्बे के मोहल्ला पठानान निवासी फिरोज के साथ हुआ था। निकाह के कुछ दिन बाद ही शौहर सहित ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की मांग करने के साथ प्रताड़ित करने लगे।
दहेज की मांग पूरी न होने पर शनिवार की सुबह पिटाई करने के साथ ही तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया। कोतवाली निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर शौहर फिरोज सहित ससुर मयनुद्दीन, सास अमीना, ननद नजमा और देवर गुड्डू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।
एक माह में दूसरी बार एक साथ तीन तलाक की घटना
एक बार में ही तीन तलाक कहकर विवाहिता को ससुराल से निकालने की यह दूसरी घटना एक माह के अंदर ही घटी है। इससे पहले बांईकलां में भी दहेज के लिए विवाहिता को एक बार में ही तीन तलाक कहकर घर से निकाल दिया गया था। अब दूसरी घटना में भी कस्बा निवासी एक विवाहिता को दहेज के लिए एक बार में ही तीन तलाक बोलकर ससुराल से निकाल दिया गया है।